राम मंदिर निर्माण के लिए महावीर ट्रस्ट ने सौंपा 2करोड़ का चेक
अयोध्या, पटना के महावीर ट्रस्ट ने रामनवमी पर राम मंदिर निर्माण के लिए 2करोड़ रू की राशि का चेक सौंपा है।यह राशि श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दी गई है। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने महावीर ट्रस्ट के पदाधिकारी किशोर कुणाल को मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि 2करोड़ का चेक पटना के इलाहाबाद बैंक की शाखा से 7 फरवरी 2020 को जारी किया गया है। किशोर कुणाल यह चेक लेकर फरवरी माह में अयोध्या आए थे। लेकिन उस समय ट्रस्ट का खाता नहीं खुला था इसलिए यह दान की राशि ट्रस्ट ने नहीं ली थी। चेक उनके सहयोगी के पास रखा था जो अब ट्रस्ट को सौंप दिया गया है।
किशोर कुणाल के मुताबिक महावीर ट्रस्ट अभी 8करोड़ रू की धनराशि मंदिर निर्माण में और दान करेगा जिसे किश्तों में जमा किया जाएगा। यह बाकी 8 करोड़ की धनराशि महावीर ट्रस्ट के खाते में सुरक्षित रखी है।